शनिवार, 21 मई 2011

संस्कृति की गरिमा को पहचानो !



भारत जब स्वतंत्र होने वाला था उसके कुछ दिन पहले की बात है। उत्तर भारत के एक राष्ट्रीय विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह हो रहा था। मुख्य अतिथि के रूप में एक महापुरूष को आमंत्रित किया गया था। वहाँ सारी कार्यवाही अंग्रेजी में हुई, जिसे देखकर मुख्य अतिथि को बड़ी वेदना हुई। उनका मन आहत हो गया। दीक्षांत भाषण में उन्होंने जो कहा था, उसका एक-एक शब्द आज भी भारतवासियों के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कहा थाः "अंग्रेजों को हम गालियाँ देते हैं कि उन्होंने हिन्दुस्तान को गुलाम बना रखा है, लेकिन अंग्रेजी से तो हम खुद ही गुलाम बन गये हैं। अंग्रेजों ने हिन्दुस्तान को गुलाम किया है परंतु अंग्रेजी की अपनी इस गुलामी के लिए मैं उन्हें जिम्मेदार नहीं समझता। खुद अंग्रेजी सीखने और अपने बच्चों को अंग्रेजी सिखाने के लिए हम कितनी मेहनत करते हैं ! यदि कोई हमें यह कहता है कि हम अंग्रेजों की तरह अंग्रेजी बोल लेते हैं तो हम मारे खुशी के फूले नहीं समाते। इससे बढ़कर दयनीय गुलामी और क्या हो सकती है ! इसकी वजह से हमारे बच्चों पर कितना जुल्म होता है ! अंग्रेजी के प्रति हमारे इस मोह के कारण देश की कितनी शक्ति और कितना श्रम बरबाद होता है ! अभी जो कार्यवाही यहाँ हुई, जो कुछ कहा या पढ़ा गया, उसे आम जनता कुछ भी नहीं समझ सकी। फिर भी हमारी जनता में इतनी उदारता और धीरज है कि वह चुपचाप सभा में बैठी रहती है और कुछ भी समझ में न आने पर भी यह सोचकर संतोष कर लेती है आखिर ये हमारे नेता हैं न ! कुछ अच्छी बात ही कहते होंगे। परंतु इससे उसे लाभ क्या ? वह तो जैसी आयी थी, वैसी ही खाली लौट जाती है !... मैं तो यह देखकर हैरान हो गया।"
भाषणकर्ता थे महात्मा गाँधी और वह स्थान था 'हिन्दू विश्वविद्यालय, काशी'।
कितनी दयनीय स्थिति है कि अहंकारी लोग अपने ही देश में अपनी ही मातृभाषा बोलने में शर्म महसूस करते हैं और अंग्रेजी बोलने में अपना गौरव मानते हैं। वे कितना संस्कृति के द्रोह और देशद्रोह का पाप कर रहे हैं, उन अहंकारियों को पता ही नहीं ! अंग्रेजी भाषा और अंग्रेजों के पिट्ठू बनते  जा रहे हैं, बड़े शर्म की बात है !
राष्ट्रभाषा राष्ट्र की विचारधारा की अभिव्यक्ति मानी जाती है। लौकिक उन्नति का भी मूल स्वदेशी भाषाओं में ही रहता है। जापान, चीन, इंगलैंड, अमेरिका आदि सभी राष्ट सभी क्षेत्रों में अपनी भाषा का हो प्रधानता देते हैं। हमारे देश के राजनेता और उनके देश के राजनेता मिलते हैं तब हमारे राजनेता तो अंग्रेजी में बात करते हैं और उनके राजनेता उनकी राष्ट्रभाषा में। क्योंकि वे अपनी भाषा को राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक मानते हैं। आधुनिक तुर्की के निर्माता कमाल पाशा कितने दूरदृष्टिवाले रहे होंगे जिन्होंने सत्ता हाथ में आते ही राष्ट्रभाषा तय करने हेतु अधिकारियों की एक दिन की मोहलत ठुकराकर रात के बारह बजे ही घोषित कर दिया कि तुर्की की राष्ट्रभाषा तुर्की होगी।
स्रोतः लोक कल्याण सेतु, अप्रैल 2011, पृष्ठ संख्या 8, अंक 166
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

सबसे उत्तम मार्गदर्शक



आप यह भली प्रकार जान लो कि कोई भी मनुष्य किसी के मार्गदर्शन बिना केवल अपने बल पर उन्नत नहीं बन सकता। आपका यह अनुभव है कि बाल्यकाल में बोलना आप अपने बल पर नहीं सीखे। माता-पिता आदि से सीखे। चलना भी किसी की मदद से ही सीखे। पढ़ना-लिखना शिक्षकों की मदद से सीखे। तो आनंदमय एवं सफल जीवन कैसे जीना तथा जीवन का वास्तविक लक्ष्य क्या है व उसे कैसे पाना – यह अपने आप कैसे जान सकोगे ? इसके लिए भी किसी मार्गदर्शक की जरूरत है। एक ऐसे मार्गदर्शक, जो कर्तव्य-अकर्तव्य के सच्चे पारखी हों, वैदिक ज्ञान का सार जानने वाले व उसके अनुभवी हों, हमारे सच्चे हितैषी हों, हमारे प्रति करूणावान हों व हमें उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ने हेतु सबल सहारा प्रदान करने में समर्थ हों।
वेद भगवान के वचन हैं-
प्र नूनं ब्रह्मणस्पतिर्मन्त्रं वदत्युक्थ्यम्।
यस्मिन्निन्द्रो वरूणो मित्रो अर्यमा देवा ओकांसि चक्रिरे।।
'सचमुच परमात्मा और ब्रह्मज्ञानी महापुरुष ही स्पष्ट एवं प्रशंसनीय मार्गदर्शन देते हैं। उनके मार्गदर्शन में इन्द्रक, वरूण, मित्र और अर्यमा देवों का निवास होता है।'
(ऋग्वेदः1.40.5)
जीवन की समस्याओं से हतप्रभ हो इधर-उधर मत भटको, भगवान की शरण में जाओ। वे तुम्हें किन्हीं ब्रह्मनिष्ठ महापुरुष की शरण में जाने की प्रेरणा देंगे या पहुँचा देंगे, जिनकी सीख एवं दिव्य ज्योति तुमको प्रकाशमय कर देगी। आपके अबोध मन में जब भी कर्तव्य-अकर्तव्य का द्वन्द्व उठ खड़ा हो, आप अपने उन समर्थ मार्गदर्शक से उत्तर पाने की लिए जहाँ हो वहीं शांत हो जाओ, उनका सुमिरन करो, आर्त भाव से उन्हें मन-ही-मन प्रार्थना करो। आपको अवश्य मार्ग मिलेगा। वे आपके लिए मार्ग दिखाने वाले, हाथ पकड़कर उस पर ले चलने वाले एवं सर्वश्रेष्ठ लक्ष्य से मिलाने वाले – सब कुछ बनने के लिए तैयार हैं। बस, आप उनके सान्निध्य में आपकी जो ऊँची स्थिति हो जाती है, उसे याद रखकर अपनी श्रद्धा को अधिकाधिक सुदृढ़ बनाते जाना। उनके आज्ञापालन में तत्पर बनते जाना। आज्ञापालन ही श्रद्धा का मापदंड है।
वेद भगवान के अनुसार ब्रह्मज्ञानी गुरु के मार्गदर्शन में इन्द्र, वरुण, मित्र और अर्यमा देवों का मार्गदर्शन भी निहित होता है। इन्द्र ऐश्वर्य, शक्ति, प्रगति और विजय सूचक देता है। वरुण पाप-विमोचक शक्ति का आदर्श प्रस्तुत करते हैं। मित्र मैत्री और आपसी स्नेह-सौहार्द के सूचक हैं। अर्यमा ऊँच-नीच विभेद व्यवहार और न्यायकारिता के देवता हैं। ब्रह्मज्ञानी महापुरुष के मार्गदर्शन में उपर्युक्त सभी प्रकार की सीख स्वतः समाविष्ट होती है। अतः दैनंदिन जीवन में ब्रह्मज्ञानी महापुरूषों की सीख के अनुसार चलकर आप आत्मोन्नति कर लो। इससे आप हर क्षेत्र में विजय प्राप्त कर सकोगे, पाप से बच जाओगे, जन-जन के प्रति मैत्रीभाव से परिपूर्ण बनोगे और न्याय का आदर्श प्रस्तुत कर सकोगे। इतना ही नहीं, यदि आप उनकी कृपा को पूर्णरूप से झेल लोगे तो मनुष्य-जीवन का सुफल (परमात्म-साक्षात्कार) प्राप्त कर लोगे। आत्मोन्नति के लिए उनके उपदेशों को अपने जीवन का कानून बना लेना चाहिए।
स्रोतः लोक कल्याण सेतु, अप्रैल 2011क, पृष्ठ संख्या 2, अंक 166
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

पापनाशिनी, पुण्यप्रदायिनी गंगा



(पूज्य बापू जी के सत्संग प्रवचन से)
(गंगा जयंतीः 10 मई 2011)
जैसे मंत्रों में ॐकार, स्त्रियों में गौरीदेवी, तत्त्वों में गुरुतत्त्व और विद्याओं में आत्मविद्या उत्तम है, उसी प्रकार सम्पूर्ण तीर्थों में गंगातीर्थ विशेष माना गया है। गंगाजी की वंदना करते हुए कहा गया हैः
संसारविषनाशिन्यै जीवनायै नमोऽस्तु ते।
तापत्रितयसंहन्त्र्यै प्राणेश्यै ते नमो नमः।।
'देवी गंगे ! आप संसाररूपी विष का नाश करने वाली है। आप जीवनरूपा है। आप आधिभौतिक, आधिदैविक और आध्यात्मिक तीनों प्रकार के तापों का संहार करने वाली तथा प्राणों की स्वामिनी है। आपको बार-बार नमस्कार है।'
(स्कंद पुराण, काशी खं.पू. 27.160)
जिस दिन गंगा जी की उत्पत्ति हुई वह दिन गंगा जयंती (वैशाख शुक्ल सप्तमी) और जिस दिन गंगाजी पृथ्वी पर अवतरित हुई वह दिन 'गंगा दशहरा' (ज्येष्ठ शुक्ल दशमी) के नाम से जाना जाता है। इन दिनों में गंगा जी में गोता मारने से विशेष सात्त्विकता, प्रसन्नता और पुण्यलाभ होता है। वैशाख, कार्तिक और माघ मास की पूर्णिमा, माघ मास की अमावस्या तथा कृष्णपक्षीय अष्टमी तिथि को गंगास्नान करने से भी विशेष पुण्यलाभ होता है।
मैं हरिद्वार कुंभ पर्व पर गंगाजी के किनारे सुबह-सुबह टहलने जाता था। गंगाजी की एक धारा पार करके दूसरी धारा के बीच में एक टापू है, उस पर टहलता था। एक दिन मुझे वहाँ एक साधू मिले, बोलेः "बापू जी ! मैं पहले आपके आश्रम में भोजन करने आता था और मुझे आश्रम की कढ़ी बहुत अच्छी लगती थी।..." बातें करते-करते उसने बताया कि "मैं एक रात को गंगाजी के किनारे बैठा था तो लगभग हजार मीटर ऊपर से एक प्रकाश का पुंज नीचे आया और गंगाजी के जल में फैंककर विलय हो गया।"
मैंने पूछाः "दिन कौन सा था?"
उसने कहाः "15 मार्च (2010), सोमवती अमावस्या थी।"
अपने शास्त्रों में तो बताया ही गया है कि सोमवती अमावस्य़ा, रविवारी सप्तमी, मंगलवारी चतुर्थी और बुधवारी अष्टमी इन तिथियों पर किये गये जप, तप, मौन, ध्यान का प्रभाव अक्षय होता है। इन सभी दिनों-त्यौहारों पर तथा कुंभ पर्व पर स्नान आदि करने से मानवीय जीवन में आध्यात्मिक ओरा (आभा) का संचार होने की व्यवस्था है।
स्रोतः लोक कल्याण सेतु, पृष्ठ संख्या 11, अप्रैल 2011, अंक 166
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

नृसिंह जयंती पर लें शुभ संकल्प



(नृसिंह जयंती 16 मई 2011)
भगवान नृसिंह की कथा में तीन प्रतीक मिलते हैं। ये तीन पात्रों से जुड़े हैं – हिरण्यकशिपु अहंकार से भरी बुराई का प्रतीक है, प्रह्लाद विश्वास से भरी भक्ति का प्रतीक है और दुष्ट का वध करने वाले भगवान नृसिंह भक्त के प्रति प्रेम का प्रतीक हैं। अब सवाल यह है कि हम अपने जीवन को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं ?यदि अहंकार और बुराई की ओर ले जायेंगे तो निश्चित ही अंत बुरा है। इसलिए विश्वास से भरे भक्तिरूप प्रह्लाद को जीवन में उतारना होगा। प्रह्लाद से होते हुए आस्था व विश्वास का रास्ता भगवान तक जाता है। विकारों, आसक्तियों को जीतने की शक्ति विश्वास से हो जाती है और दुष्टता का अंत करने का बल पैदा होता है। हिरण्यकशिपु के रूप में यह दुष्टता हमारे अपने मन की है, जिसे अपने भीतर भगवान नृसिंह का आह्वान करके ही दूर किया जा सकता है। 'नृसिंह जयंती' इसी संकल्प का पर्व है।
भक्ति व प्रेम के महान आचार्य देवर्षि नारदजी ने जब सदगुरू के रूप में प्रह्लाद को दीक्षा-शिक्षा दी, तब उसके जीवन में भगवदभक्ति व प्रेम का प्राकट्य हुआ था। अतः इस दिन संकल्प लें कि हम भी किन्हीं हयात ब्रह्मज्ञानी महापुरूष को खोजकर उनसे दीक्षा-शिक्षा ग्रहण करके, उनके बताये हुए मार्ग पर चल के प्रह्लादरूपी दृढ़ भक्ति के द्वारा अपने जीवन में भगवान का अवतरण करेंगे। अहंकार व बुराईरूपी हिरण्यकशिपु का नाश कर अपने हृदय को भगवदभक्ति व संतों के ज्ञान से प्रकाशित करेंगे।
स्रोतः लोक कल्याण सेतु, अप्रैल 2011, पृष्ठ संख्या 7, अंक 166
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

गर्मी में तरावट व पुष्टिदायक शरबत



ग्रीष्म ऋतु रूक्ष, तपाने व झुलसानेवाली, शरीर की क्षमता व स्निग्धता को कम करने वाली होती है। इस समय शरीर को शीतलता व तरावट देने वाला आहार-विहार आवश्यक होता है। विज्ञापनों के बहकाये में आकर लोग सॉफ्ट ड्रिंक्स के रूप में अपने लिये जहर खरीद लेते हैं। इन हानिकारक व दूषित डिब्बाबंद शीतल पेयों की अपेक्षा घर में बनाया गया शरबत, फलों का रस, कच्चे आम का पना एवं ताजी लस्सी शुद्ध, सात्त्विक एवं पौष्टिक होती है। अतः विज्ञापनबाजी से प्रभावित न होकर अपने धन एवं स्वास्थ्य दोनों को विनष्ट होने से बचायें। कुछ शरबत घर पर आसानी से बनाये जा सकते हैं।
नींबू का शरबतः यह पित्त विकार, मंदाग्नि, अरूचि, प्यास, उबकाई, अजीर्ण, कब्ज, और रक्त-विकार आदि दूर करता है। इससे जठराग्नि प्रदीप्त होती है तथा शरीर में तरावट आती है।
विधिः नींबू के रस में ढाई गुनी मिश्री मिला के चाशनी बनायें और गरम-गरम ही छान के काँच की बोतल में भर लें। एक गिलास पानी में दो चम्मच शरबत घोलकर दोपहर भोजन के 1-2 घंटे बाद उपयोग करें।
केवड़ा शरबतः यह शीतल, कफ-पित्तशामक, विषनाशक, मस्तिष्क एवं ज्ञानेन्द्रियों के लिए बलप्रद व हृदय की तेज धड़कन को नियंत्रित करने वाला होता है। महिलाओं के अत्यधिक मासिकस्राव व गर्भस्राव में अत्यन्त लाभप्रद है।
विधिः एक लीटर पानी में 250 ग्राम केवड़े के फूल आसानी से मसल लें, फिर उसमें डेढ़ किलो मिश्री व 5 ग्राम नींबू का रस डालकर उबालें। गाढ़ी चाशनी बना के काँच की बोतल में भर लें। एक गिलास पानी में 2 चम्मच शरबत घोलकर दिन में 1-2 बार पियें।
इसी प्रकार केवड़े के स्थान पर खसखस का शरबत भी बना सकते हैं, जो गर्मी में अत्यन्त लाभकारी है।
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ
स्वास्थ्यकर आवश्यक बातें
नीम की 20-25 कोमल पत्तियाँ चबाकर खाने से सभी तरह के रक्त विकार शांत होते हैं।
फोड़े-फुंसियों पर नीम की पत्तियाँ पीसकर लगाने से शीघ्र लाभ होता है।
नीम की दातुन करने से दाँत व मसूड़े स्वस्थ रहते हैं।
कच्चे आलू काटकर चेहरे पर रगड़ने से त्वचा चमक उठती है।
लू का प्रकोप नष्ट करने के लिये प्याज के रस से कनपटियों तथा सीने पर मालिश करें।
सूखा धनिया पानी में उबाल व छानकर पीने से गैस में आराम मिलता है। पेट की गर्मी से मुँह में छाले पड़ने पर चने के सत्तू को पानी में घोल के, मिश्री व घी मिलाकर पीने से छाले ठीक हो जाते हैं।
उड़द की दाल में देशी घी डालकर खाने से स्तनपान कराने वाली माताओं के दूध में वृद्धि होती है।
नीम और बेर की पत्तियाँ पानी में उबालकर उस पानी से सिर धोने से असमय बालों का झड़ना बंद हो जाता है।
पानी में सौंफ उबालकर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहने से ज्वर की तीव्रता कम होती है।
जीरे को भूनकर चबाने से मुँह से आने वाली दुर्गंध दूर हो जाती है।
स्रोतः लोक कल्याण सेतु, अप्रैल 2011, पृष्ठ संख्या 15, अंक 166
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

दूर के ढोल सुहावने


उछलता हुआ महासागर दूर से कितना मनमोहक और भव्य दिखता है परंतु उसमें कूद पड़ेंगे तो क्या होगा ? विनाश ! आपके झरोखे से दिखती दूर-दूर तक फैली पर्वतों की श्रृंखला और जंगल की वह अपार प्राकृतिक शोभा आपकी आँखों को कैसा अदभुत आनंद पहुँचाती है ! परंतु उसी पर्वत-श्रृंखला और जंगल में पहुँचने पर वहाँ का वनवासी जीवन प्रत्यक्ष देखेंगे तो कितनी सारी तकलीफों और खतरों से भरा होता है।
सूर्य दूर से कितना देदीप्यमान, मोहक दिखता है और हमारा जीवनदाता माना जाता है परंतु उसके निकट जायेंगे तो उसमें से निकलती गर्मी से मौत ही होगी। रेगिस्तान में मृगजल का मायावी सरोवर दूर से कितना नयनरम्य दिखता है परंतु निकट जाकर देखेंगे तो वे रेत के टीले ही तो हैं !
इस तरह विश्व की स्थूल प्रकृति भी यही सिखाती है कि दृश्य या पदार्थ मात्र दूर से ही आकर्षक लगते हैं। आकर्षित होकर मजा लेने की या भोग की दृष्टि से उन्हें स्पर्श करना मुसीबत मोल लेना है। दूर से, साक्षीभाव से दृश्य या पदार्थमात्र को देखना, उपभोगदृष्टि से रहित हो यथावश्यक उनका उपयोग करना यही सही दृष्टिकोण है, जिसे प्राप्त करने पर हम भोगदृष्टियुक्त मोहक आकर्षण से मुक्त हो जायेंगे।
'मैं पुरूष' या 'मैं स्त्री' ऐसा देहाध्यास टालने का अभ्यास करते-करते आत्मानुभव में स्थित होने पर ऐसी दृष्टि सुस्थिर हो जाती है। तब आकर्षण के कामुक असर से सर्वथा मुक्त हो जाते हैं। ऐसे आत्मानुभव की प्राप्ति का लक्ष्य बनाने के साथ विवेकपूर्ण चिंतन और भगवन्नाम का सहारा व्यक्ति को कामुक आकर्षण के खतरे से हमेशा बचा लेता है।
स्रोतः लोक कल्याण सेतु, अप्रैल 2011, पृष्ठ संख्या 18, अंक 166
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

आदर्श विद्यार्थी के पाँच लक्षण




आदर्श विद्यार्थी के पाँच लक्षण बताये गये हैं-
काकचेष्टा बकध्यानं श्वाननिद्रा तथैव च।
स्वल्पाहारी ब्रह्मचारी विद्यार्थिपंचलक्षणम्।।
काकचेष्टाः जैसे कौआ हरेक चेष्टा में इतना सावधान रहता है कि उसको जल्दी पकड़ नहीं सकते, ऐसे ही विद्यार्थी को विद्याध्ययन के विषय मे हर समय सावधान रहना चाहिए। उसे समय व्यर्थ नहीं करना चाहिए। एक-एक क्षण का ज्ञानार्जन में सदुपयोग करना चाहिए।
बकध्यानः जैसे बगुला पानी में धीरे से पैर रखकर चलता है, उसका ध्यान मछली की ओर ही रहता है। ऐसे ही विद्यार्थी को खाना-पीना आदि सब क्रियाएँ करते हुए भी अपनी दृष्टि, ध्यान विद्याध्ययन की तरफ ही रखना चाहिए।
श्वाननिद्राः जैसे कुत्ता निश्चिंत होकर नहीं सोता, वह थोड़ी सी नींद लेकर फिर जग जाता है, नींद में भी सतर्क रहता है ऐसे ही विद्यार्थी को आरामप्रिय, विलासी होकर यथेच्छ नहीं सोना चाहिए, अपितु केवल स्वास्थ्य की दृष्टि से यथोचित सोना चाहिए।
स्वल्पाहारीः विद्यार्थी को उतना ही आहार लेना चाहिए जिससे आलस्य न आये, पेट याद न आये क्योंकि पेट दो कारणों से याद आता है, अधिक खाने से और भुखमरी से।
ब्रह्मचारीः विद्यार्थी को ब्रह्मचर्य का पालन करना चाहिए। आश्रम से प्रकाशित 'दिव्य प्रेरणा-प्रकाश, निरोगता का साधन' एवं 'तू गुलाब होकर महक' आदि पुस्तकों के कुछ पन्ने रोज पढ़ने चाहिए व अपने जीवन को तदनुसार बनाने का प्रयत्न करना चाहिए। ये दो पुस्तकें बालकों के भावी जीवन को महानता के सदगुणों से भरने में सक्षम हैं।
स्रोतः लोक कल्याण सेतु, अप्रैल 2011, पृष्ठ संख्या 7, अंक 166
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ