बुधवार, 10 अगस्त 2011

सफलता का मूलमंत्र



विदुरजी द्वारा बताये इस मूलमंत्र को यदि हम अपने जीवन में उतार लें तो हमारे परम सौभाग्य का मार्ग खुलते देर नहीं लगेगी।
उत्थानं संयमो दाक्ष्यमप्रमादो धृतिः स्मृतिः।
समीक्ष्य च समारम्भो विद्धि मूलं भवस्य तु।।
'उद्योग, संयम, दक्षता, सावधानी, धैर्य, स्मृति और सोच-विचारकर कार्यारम्भ करना-इन्हें मूलमंत्र समझिये।'
(महाभारतः उद्योग पर्वः 39.38)
उद्योग का स्थूल अर्थ है उत्तम। अपने कार्य में तत्पर रहना चाहिए। व्यक्ति को कर्तव्यपरायण अर्थात् कर्मठ होना चाहिए। जो काम जिस समय करना है उसे उसी समय कर डालना चाहिए, चाहे कार्य छोटा ही क्यों न हो।
काल करै सो आज कर, आज करै सो अब।
पल में परलय होयगी, बहुरि करेगा कब।।
व्यक्ति को मानसिक परिश्रम के साथ शारीरिक परिश्रम भी करना चाहिए। प्रायः मानसिक परिश्रम करने वाले व्यक्ति शारीरिक परिश्रम करना छोड़ देते हैं, जिससे कई बीमारियाँ उन्हें आ घेरती हैं। अतः शारीरिक परिश्रम करना ही चाहिए, फिर वह चाहे व्यवसाय, दौड़ सेवा आदि कोई भी माध्यम क्यों न हो। आलसी प्रमादी न होकर कर्तव्यपरायण होना चाहिए।
जो सांसारिक सफलता पाने को ही उद्योग मानते हैं, वे अति तुच्छ मति के होते हैं। वास्तविक उद्योग क्या है ? शरीर से दूसरों की सेवा, कानों से सत्संग-श्रवण, आँखों से संत-भगवंत के दर्शन, मन से परहित चिंतन, बुद्धि से भगवान को पाने का दृढ़ निश्चय और हृदय में भगवत्प्रेम की अविरत धारा यही वास्तविक उद्योग है।
दूसरा गुण है संयम। जिसमें इन्द्रियों का संयम, वाणी का संयम, संकल्प-विकल्पों का संयम मुख्य है। इसमें दीर्घ ॐकार का जप बड़ा लाभदायी है, श्वासोच्छ्वास की गिनती बड़ी हितकारी है।
जिसके जीवन में संयम नहीं है वह पशु से भी गया बीता है। उसका मनुष्य-जीवन सफल नहीं होता। पशुओं के लिए चाबुक होता है परंतु मनुष्य को बुद्धि की लगाम है। सरिता भी दो किनारों से बँधी हुई संयमित होकर बहती है तो वह गाँवों को लहलहाती हुई अंत में अपने परम लक्ष्य समुद्र को प्राप्त हो जाती है। ऐसे ही मनुष्य-जीवन में संयम के किनारे हों तो जीवन-सरिता की यात्रा परमात्मारूपी सागर में परिसमाप्त हो सकती है।
दक्षता जीवन का अहम पहलू है। जितना आप कार्य को दक्षता से करते हैं, उतनी आपकी योग्यता निखरती है। यदि आप कोई कार्य कर रहे हैं तो उसमें पूरी कुशलता से लग जाईये। लेकिन व्यावहारिक दक्षता के साथ-साथ आध्यात्मिक दक्षता भी जीवन में आवश्यक है। दो कार्यों के बीच में थोड़ी देर शांत होना चाहिए।
सावधान यह सबसे महत्त्वपूर्ण सदगुण है। जीवन में दक्षता आने पर सावधानी सहज रूप से बनी रहती है। कहावत है कि सावधानी हटी तो दुर्घटना घटी और सावधानी बढ़ी तो दुर्घटना टली। कार्य में लापरवाही सर्वनाश ही लाती है। जिस प्रकार यदि जहाज का पायलट सावधान है तो यात्रियों को गंतव्य तक पहुँचा देगा और यदि उसने असावधानी दिखायी तो उसकी लापरवाही यात्रियों की मृत्यु का कारण बन जायेगी। किसी बाँध के निर्माण में यदि इंजीनियर ने लापरवाही की तो हजारों-लाखों लोगों के जान-माल और लाखों-करोड़ों रूपयों की हानि होगी। जीवन में लापरवाही जैसा और कोई दुश्मन नहीं है।
किसी भी कार्य को करते समय धैर्य रखो। उतावलेपन से बने बनाये काम भी बिगड़ जाते हैं। मन को समझाना चाहिएः
बहुत गयी थोड़ी रही, व्याकुल मन मत हो।
धीरज सबका मित्र है, करी कमाई मत खो।।
कोई भी कार्य सोच-समझकर करना ही बुद्धिमानी है। कहा गया हैः
बिना विचारे जो करै, सो पाछे पछताय।
काम बिगाड़े आपनो, जग में होत हँसाय।।
कार्य के प्रारम्भ और अंत में आत्मविचार भी करना चाहिए। हर इच्छापूर्ति के बाद जो अपने-आपसे ही प्रश्न करे कि 'आखिर इच्छापूर्ति से क्या मिला ?' वह दक्ष है। ऐसा करने से वह इच्छानिवृत्ति के उच्च सिंहासन पर आसीन होने वाले दक्ष महापुरुष की नाईं निर्वासनिक नारायण में प्रतिष्ठित हो जायेगा। साथ ही यह स्मृति हमेशा बनाये रखनी चाहिए कि 'जीवन में जो भी सुख-दुःख आते हैं वे सब बीत रहे हैं, इन सबको जानने वाला मैं साक्षी चैतन्य आत्मा सदैव हूँ।'
उपरोक्त सात सदगुणों को जीवन में अपनाना ही सफलता का मूलमंत्र है।
स्रोतः लोक कल्याण सेतु, मई 2011, पृष्ठ संख्या 6,7 अंक 167
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

स्वास्थ्य के कुछ घरेलु प्रयोग



शक्कर, भुना जीरा तथा पुदीने को पीस के पानी में घोलकर पीने से गर्मियों में ठंडक मिलती है।
आम की गुठली के बारीक पाउडर से मंजन करने पर पायरिया तथा दाँतों के अन्य विकार नष्ट हो जाते हैं।
छाती में दर्द होने पर गाजर के रस में शहद मिलाकर सेवन करने से बहुत लाभ होता है, लेकिन रस उबली हुई गाजरों का ही निकालें।
कान बहता हो या दर्द करता हो तो प्याज का रस गुनगुना करके 4-5 बूँद डालने से शीघ्र आराम होता है।
प्याज और अदरक का रस मिलाकर पिलाने से उलटी बंद हो जाती है।
मुलतानी मिट्टी में आलू का रस मिलाकर बनाये गये लेप को चेहरे पर लगाने से त्वचा में निखार आता है।
भोजन के बाद थोड़ी सौंफ चबाने से मुँह के छालों में आराम मिलता है।
दमे के रोगी के लिए करेले की सब्जी बहुत लाभकारी है।
धोये हुए चावल का पानी मिश्री मिलाकर सेवन करने से पेचिश, अतिसार व प्रदर रोग में लाभ होता है।
नींबू के रस में नमक मिलाकर दाँत साफ करने से वे चमकदार बने रहते हैं। इसे सिर्फ दाँतों पर ही लगायें, मसूड़ों पर नहीं।
आँवले तथा आम की गुठली को पीस लें, पानी मे उसका पेस्ट बना के बालों में लगाने से वे असमय सफेद नहीं होते।
नमक व काली मिर्च के मिश्रण से दाँत माँजने से मुँह से बदबू नहीं आती।
पके पपीते में नींबू का रस डालकर सेवन करने से बदहजमी दूर होती है।
लहसुन के रस मे कपूर मिलाकर मालिश करने से जोड़ों के दर्द में आराम होता है।
पैर ऐँठ जायें तो सहनीय गर्म पानी में नमक डालकर कुछ देर रखने से आराम मिलता है।
पका केला भुने जीरे के साथ खाने से नींद अच्छी आती है।
सदैव ही खाँसी-जुकाम रहता हो तो प्रतिदिन खाली पेट कम मात्रा में गुनगुने पानी का सेवन करने की आदत डालें।
अदरक, दालचीनी व तुलसी की कुछ पत्तियाँ डालकर चाय बनाकर पीने से गले की खराश ठीक होती है(इसमें दूध नहीं डालें)।
जिस स्थान पर काँटा चुभा है, वहाँ थोड़ी-सी हींग रगड़ दें, काँटा निकल जायेगा।
देसी घी में हल्दी या तुलसी का पत्ता डाल देने से लम्बे समय तक उसकी सुगंध नहीं जाती।
स्रोतः लोक कल्याण सेतु, मई 2011, पृष्ठ संख्या 13, अंक 167
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

स्वावलम्बी बनो



पूज्य बापू जी
अपनी दिव्य संस्कृति भूलकर हम विदेशी कल्चर के चक्कर में फँस गये हैं। लॉर्ड मैकाले की कूटनीति ने भारत की शक्ति को क्षीण कर दिया है।
मैकाले जब भारत देश में घूमा तब उसने देखा कि भारत के संतों के पास ऐसी यौगिक-शक्तियाँ, योगविद्या व आत्मविद्या है, ऐसा मंत्र-विज्ञान है कि यदि भारत का एक नौजवान भी संतों से प्रेरणा पाकर उनके बताये मार्ग पर चल पड़ा तो ब्रिटिश शासन को उखाड़कर फेंक देने में सक्षम हो जायेगा।
इसलिए मैकाले ने सर्वप्रथम संस्कृत विद्यालयों और गुरुकुलों को बंद करवाया और अंग्रेजी स्कूल शुरू करवाये। हमारे गृह-उद्योग बंद करवाये और शुरू करवायीं फैक्टरियाँ।
पहले लोग स्वावलम्बी थे, स्वाधीन होकर जीते थे, उन्हें पराधीन बना दिया गया, नौकर बना दिया गयाष धीरे-धीरे विदेशी आधुनिक माल भारत में बेचना शुरु कर दिया गया। जिससे लोग अपने काम का आधार यंत्रों पर रखने लगे और प्रजा आलसी, पराश्रित, दुश्चरित्र, भौतिकवादी बनती गयी। इसका फायदा उठाकर ब्रिटिश हम पर शासन करने में सफल हो गये।
एक दिन एक राजकुमार घोड़े पर सवार होकर घूमने निकला था। उसे बचपन से ही भारतीय संस्कृति के पूर्ण संस्कार मिले थे। नगर से गुजरते वक्त अचानक राजकुमार के हाथ से चाबुक गिर पड़ा। राजकुमार स्वयं घोड़े से नीचे उतरा और चाबुक लेकर पुनः घोड़े पर सवार हो गया। यह देखकर राह से गुजरते लोगों ने कहाः"मालिक ! आप तो राजकुमार हो। एक चाबुक के लिए आप स्वयं घोड़े पर से नीचे उतरे ! हमें हुक्म दे देते !"
राजकुमारः "जरा-जरा से काम में यदि दूसरे का मुँह ताकने की आदत पड़ जायेगी तो हम आलसी, पराधीन बन जायेंगे और आलसी पराधीन मनुष्य जीवन में क्या प्रगति कर सकता है ! अभी तो मैं जवान हूँ। मुझमें काम करने की शक्ति है। मुझे स्वावलम्बी बनकर दूसरे लोगों की सेवा करनी चाहिए, न कि सेवा लेनी चाहिए। यदि आपसे चाबुक उठवाता तो सेवा लेने का बोझा मेरे सिर पर चढ़ता।"
हे भारत के नौजवानो ! संकल्प करो कि 'हम स्वावलम्बी बनेंगे।' नौकरों तथा यंत्रों पर कब तक आधार रखोगे ! हे भारत की नारी ! अपनी गरिमा भूलकर यांत्रिक युग से प्रभावित न हो ! श्रीरामचन्द्रजी की माता कौशल्यादेवी इतने सारे दास-दासियों के होते हुए भी स्वयं अपने हाथों से अपने पुत्रों के लिए पवित्र भोजन बनाती थीं। तुम भी अपने कर्तव्यों से च्युत मत होओ। किसी ने सच ही कहा है।
स्वावलम्बन की एक झलक पर।
न्यौछावर कुबेर का कोष।।
स्रोतः लोक कल्याण सेतु, मई 2011, पृष्ठ संख्या 12, अंक 167
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

चरित्र ही सच्ची सम्पत्ति



यजुर्वेद (23.15) में आता हैः
स्वयं वाजिँस्तन्वं कल्पयस्व।
'हे मानव ! शक्तिशालिन् ! अपने जीवन का निर्माण करो। अपने चरित्र को उन्नत बनाओ।'
पूज्य बापू जी कहते है- चरित्र की पवित्रता हर कार्य में सफल बनाती है। जिसका जीवन संयमी है, सच्चरित्रता से परिपूर्ण है उसकी गाथा इतिहास के पन्नों पर गायी जाती है।'
व्यक्तित्व का निर्माण चरित्र से ही होता है। बाह्यरूप से व्यक्ति ही सुंदर हो, निपुण गायक हो, बड़े से बड़ा कवि या वैज्ञानिक हो, चमक-दमक व फैशनवाले कपड़े पहनता हो परंतु यदि वह चरित्रवान नहीं है तो समाज में उसे सम्मानित स्थान नहीं मिल सकता। उसे तो हर जगह अपमान, अनादर ही मिलता है। चरित्रहीन व्यक्ति आत्मसंतोष और आत्मसुख से वंचित रहता है। कवि माघ ने कहा हैः 'दुर्बल चरित्र का व्यक्ति उस सरकंडे के समान है जो हवा के हर झोंके पर झुक जाता है।'
स्वामी शिवानंदजी कहा करते थेः 'मनुष्य-जीवन का सारांश है चरित्र। मनुष्य का चरित्र ही सदा जीवित रहता है। चरित्र का अर्जन नहीं किया गया तो ज्ञान का अर्जन भी नहीं किया जा सकता। अतः निष्कलंक चरित्र का निर्माण करें।'
चरित्रवान व्यक्ति के आस-पास आत्मसंतोष, आत्मशांति और सम्मान वैसे ही मँडराते हैं, जैसे कमल के इर्द-गिर्द भौंरे, मधु के इर्द-गिर्द मधुमक्खियाँ। चरित्र एक शक्तिशाली उपकरण है जो शांति, धैर्य, स्नेह, प्रेम, सरलता, नम्रता आदि दैवी गुणों को निखारता है। किसी भी नये स्थान पर जाने पर चरित्रवान व्यक्ति अपनी छाप, प्रभाव छोड़े बिना नहीं रहता। चरित्र उस पुष्प की भाँति है जो अपना सौरभ सुदूर देशों तक फैलाता है। महान विचार तथा उज्जवल चरित्रवाले व्यक्ति का ओज चुम्बक की भाँति प्रभावशाली होता है।
उस समय की बात है जब स्वामी विवेकानन्द अमेरिका गये हुए थे। वहाँ के लोगों के लिए उनके काषाय वस्त्र व उनका पहनावा कुतूहल का विषय बना हुआ था। एक दिन शिकागो शहर की सड़क पर वे पैदल जा रहे थे तभी पीछे आ रही एक अमेरिकन महिला ने व्यंग्य करते हुए अपने पुरुष साथी से कहाः "जरा इन महाशय की इस अजीब पोशाक को तो देखो !" विवेकानंद जी उस व्यंग्य को सुनकर रूक गये। पीछे मुड़कर उस महिला से बोलेः "देवी ! आपके देश में दर्जी सभ्यता के उत्पादक और कपड़े सज्जनता की कसौटी माने जाते हैं परंतु जिस देश से मैं आया हूँ, वहाँ कपड़ों से नही, मनुष्य के चरित्र से उसकी पहचान की जाती है।"
यह सुनकर उस महिला का शर्म सिर से झुक गया। व्यक्ति की महानता उसके कपड़ों से नहीं उसके चरित्र से होती है। विद्यार्थियों को अपने चरित्र पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
सुभाषचन्द्र बोस ने कहा थाः 'अगर कॉलेजी डिग्रियों के बाद भी मनुष्य में सच्चरित्रता, शांति, आध्यात्मिकता नहीं आयी तो इससे तो मैं अनपढ़ रहना पसंद करूँगा।'
स्वामी लीलाशाह जी भी कहते थेः "धन गया तो कुछ नहीं गया, स्वास्थ्य गया तो कुछ-कुछ गया परंतु चरित्र का नाश हुआ तो सब कुछ नष्ट हो गया। इसलिए बनाने जैसा और संभालने जैसा तो मात्र चरित्र ही है।'
चरित्र के बिना जीवन मृतक के समान है। अतः पवित्र और सदाचारी बनो। सत्संग का आश्रय लो, जीवन में लाकर चरित्रवान बनो।
स्रोतः लोक कल्याण सेतु, मई 2011, पृष्ठ संख्या 2, अंक 167
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ